भारतीय टीम ने शुक्रवार को हॉकी विश्व कप 2023 में धमाकेदार शुरुआत की और स्पेन को 2-0 से मात दी। भारत की तरफ से अमित रोहिदास और हार्दिक सिंह ने पहले हाफ में गोल दागे। भारत ने मैच में पहला गोल दागते ही हॉकी विश्व कप में इतिहास रच दिया।भारत हॉकी विश्व कप इतिहास में 200 या ज्यादा गोल दागने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया है। भारत से पहले ऑस्ट्रेलिया, नीदरलैंड्स और पाकिस्तान यह कमाल कर चुके हैं। भारत के लिए ऐतिहासिक 200वां गोल अमित रोहिदास ने दागा। भारत को 13वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर मिला था। अमित रोहिदास ने रिबाउंड पर शानदार फ्लिक करके गेंद को जाली में भेदा और भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसी गोल से भारत ने हॉकी विश्व कप इतिहास में अपने 200 गोल पूरे किए।हॉकी विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाली टीमों में शीर्ष पर ऑस्ट्रेलिया काबिज है। ऑस्ट्रेलिया ने अब तक 313 गोल दागे हैं। इसके बाद दूसरे स्थान पर नीदरलैंड्स 267 गोल के साथ काबिज है। सबसे ज्यादा बार विश्व कप जीतने वाली पाकिस्तान की टीम 235 गोल के साथ तीसरे स्थान पर जमी हुई है। भारतीय टीम 201 गोल के साथ इस लिस्ट में चौथे स्थान पर है। इन चारों देशों के अलावा किसी ने 200 का आंकड़ा नहीं छुआ है।
0 टिप्पणियाँ
thanks for comment up