वाराणसी। विकास प्राधिकरण प्रवर्तन टीम ने जोन पांच स्थित रामनगर वार्ड में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की। चंदौली के अलीनगर थाना के चांदीतारा में दो मंजिला इमारत बुलडोजर से ढहवा दिया। अवैध के खिलाफ हुई कार्रवाई से खलबली मची रही। इस दौरान मौके पर पुलिस बल तैनात रहा।
विकास प्राधिकरण क्षेत्र के वार्ड-रामनगर, थाना-अलीनगर के अंतर्गत सुरेशचंद्र की ओर से चांदीतारा वार्ड- रामनगर में अनाधिकृत निर्माण कराया गया था। विपक्षी को 30 दिसंबर 2021 को धारा-27 के तहत सुनवाई और धारा-28 के तहत निर्माण बंद कराने की नोटिस भेजी गई थी। इसके बाबत अलीनगर एसओ को भी नोटिस भेजकर निर्माण रुकवाने का निर्देश दिया गया था। सात जनवरी को मामले की सुनवाई की गई। सुरेशचंद्र ने प्रश्नगत स्थल आराजी संख्या 15/2, मौजा चांदीतारा शमन मानचित्र स्वीकृति हेतु दाखिल किया गया था। निर्माण स्थल गंगा नदी के उच्चतम बाढ़ बिंदु से 200 मीटर के दायरे में होने की वजह से मानचित्र अस्वीकृत कर दिया गया था। प्रश्नगत अवैध निर्माण के विरूद्ध ध्वस्तीकरण आदेश छह अक्टूबर 2022 को पारित किया गया। भवन स्वामी को स्वयं निर्माण ध्वस्त कराने के लिए समुचित समय दिया गया, लेकिन निर्माण ध्वस्त नहीं कराया गया।
विकास प्राधिकरण की ओर से आठ फऱवरी को अलीनगर पुलिस के सहयोग से अवैध निर्माण के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। वीडीए के ज़ोनल अधिकारी श्री सिंह गौरव जयप्रकाश और अवर अभियंता संजय तिवारी के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। जेसीबी से दो मंजिला इमारत को ध्वस्त करा दिया गया।
0 टिप्पणियाँ
thanks for comment up