रोपवे निर्माण की अड़चने दूर करें, ट्रांसपोर्ट नगर के किसानों को मुआवजा दिया जाय-कमिश्नर


वाराणसी। शहर में निर्माणाधीन और प्रस्तावित प्रोजेक्टस की प्रगति की समीक्षा के लिए शनिवार को मंडलायुक्त की अध्यक्षता में वाराणसी विकास प्राधिकरण की बैठक हुई।

इस बैठक में कमिश्नर ने रोपवे निर्माण करने वाली कंपनी से पूछा कि कितने समय में काम पूरा होगा। इस पर कंपनी के अधिकारी ने बताया कि रथयात्रा से गोदौलिया के बीच अभी मिट्टी की जांच की जा रही है। चिन्हित स्थलों में रेलवे की पड़ने वाली जमीनों की लीज और रेलवे की सेंसिटिव यूटिलिटी को शिफ्ट करने में आने वाली दिक्कतों के बारे में बताया। इस मामले में कमिश्नर ने सोमवार तक रेलवे को पत्र भेजने और निर्माणाधीन संस्था से अगले 6 महीने में किये जाने वाले कार्यों को लिखित रूप में वीडीए को देने का निर्देश दिया।
प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर की प्रगति की समीक्षा में कमिश्नर ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से मुआवजा देकर जमीन पर काबिज भू-स्वामियों से उचित वसूली करने का आदेश दिया। कहाकि जिन्होंने मुआवजा नहीं लिया है उनसे बात करके मुआवजा दिया जाय। उन्होंने ट्रांसपोर्ट नगर के सम्बन्ध में विकास प्राधिकरण को एक सप्ताह में कार्य करने को कहा है। सारनाथ में पर्यटन सौंदर्यीकरण के सम्बंध में लगी एजेंसी को मैनपावर और साधन बढ़ाकर काम में तेजी लाने का निर्देश दिया। कहाकि अप्रैल माह तक रोड, सीवेज, ड्रेन और बिजली के कार्यों को पूरा करें। ताकि अप्रैल में प्रस्तावित जी-20 की बैठक से पहले काम पूरा हो सके। अब तक हुए कार्यों को जलकल से मंजूर भी कराया जाय। पार्किंग के काम में भी तेजी लाने का निर्देश दिया।
कमिश्नर ने एजेंसी को ऋषिपत्तनम रोड व अशोक रोड पर प्रस्तावित कार्यों को अप्रैल तक पूरा करने को कहा। साथ ही कहाकि सोमवार तक प्रस्तावित कार्यों की लिस्ट दें। शहर में प्रस्तावित नये पार्किंग स्थलों की समीक्षा हुई। सर्किट हाउस के सामने मौजूद भूमि को पार्किंग स्थल के रूप में विकसित करने का प्रारूप बनाने को कहा। कमिश्नर ने कहाकि चौक क्षेत्र से माईग्रेट हो रहे व्यापारियों के लिये मार्केट काम्प्लेक्स बनाने पर प्रस्ताव बनाएं। व्यापारी समूहों द्वारा सुझाये गये स्थलों कंपनी बाग, कोतवाली के पीछे गौशाला, चौकाघाट आयुर्वेदिक कॉलेज के पास की जमीन, सिगरा-महमूरगंज रोड की जमीन, भेलूपुर जल संस्थान की खाली पड़ी जमीन व एंगलो बंगाली कॉलेज की फील्ड आदि जगहों पर पार्किंग का सुझाव दिया। बैठक में कमिश्नर ने शहर में प्रस्तावित नयी ग्रीनफील्ड टाउनशिप, हरहुआ में किसान इण्टर कॉलेज की मौजूद जमीन को लेकर बस अड्डा बनाने की बात कही। इसके अलावा अमृत योजना के अंतर्गत मास्टर प्लान के प्रोजेक्टस के प्रगति की चर्चा की। बैठक में विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अभिषेक गोयल, सचिव सुनील वर्मा व वीडीए के अधिकारी रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ